उत्तर प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़ने की योजना पर काम कर रही है. प्रस्तावित मॉडल में गोशालाओं को केवल आश्रय स्थल के बजाय उत्पादन और उद्यमिता के केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदेश की 7,500 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से पंचगव्य क्लस्टर विकसित किए जाने की योजना है. इन क्लस्टरों में दूध, दही, घी, गोमूत्र और गोबर से जैविक खाद, जैविक कीटनाशक, धूपबत्ती, साबुन, पेंट और अन्य उत्पाद तैयार करने का प्रस्ताव है. रिपोर्ट में करीब तीन लाख युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बनने का दावा किया गया है.

सरकार पंचगव्य आधारित चिकित्सा की संभावनाओं पर वैज्ञानिक शोध को भी बढ़ावा देना चाहती है. इसके लिए मथुरा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान और लखनऊ के राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में शोध को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं.

इसके अलावा, हर जिले में घायल गोवंश के बचाव और तत्काल उपचार की व्यवस्था विकसित करने की तैयारी है. इन योजनाओं का उद्देश्य गोशालाओं को स्थानीय रोजगार, प्राकृतिक खेती और गो-आधारित उत्पादों से जोड़ना है.