उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मातृभूमि योजना के तहत लोग अपने पैतृक गांव में पूर्वजों या परिजनों की स्मृति में विकास कार्य करा सकते हैं. योजना में परियोजना की कुल लागत का कम से कम 60 प्रतिशत हिस्सा दानदाता या संबंधित संस्था को देना होगा. इसके बाद राज्य सरकार शेष 40 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में उपलब्ध कराएगी.
योजना का उद्देश्य गांवों के विकास में जनभागीदारी बढ़ाना और शहरों या विदेश में रह रहे लोगों को अपने पैतृक गांव से जोड़ना है. इसके तहत सामुदायिक भवन, बारातघर, स्कूल के अतिरिक्त कक्ष, स्वास्थ्य केंद्र, ओपन जिम, खेल सुविधाएं, तालाबों का सौंदर्यीकरण, अंत्येष्टि स्थल, यात्री शेड, डिजिटल लाइब्रेरी, निगरानी व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण केंद्र जैसे कार्य कराए जा सकते हैं.
निर्माण पूरा होने के बाद दानदाता या उसके पूर्वजों के नाम की सम्मान पट्टिका लगाने का प्रावधान है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति को निर्धारित खाते में अपना अंशदान जमा करना होगा. इसके बाद प्रशासनिक स्वीकृति और जिलाधिकारी की मंजूरी के आधार पर सरकारी हिस्सा जारी किया जाएगा. आवेदन और प्रक्रिया के लिए पंचायती राज विभाग के पोर्टल या जिला पंचायत राज कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है.
