उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए कुल एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है. बदले नियमों के अनुसार, इस राशि में से 64 हजार रुपये सीधे दुल्हन के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे. पहले खाते में 60 हजार रुपये भेजे जाते थे.
रिपोर्ट्स के अनुसार, चांदी की पायल और बिछिया के लिए निर्धारित करीब 4 हजार रुपये को अब नकद सहायता में शामिल किया गया है. इसके बाद उपहार सामग्री के लिए 21 हजार रुपये और सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन के लिए 15 हजार रुपये निर्धारित होंगे.
कौन ले सकता है लाभ
योजना के लिए दुल्हन का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना जरूरी है. परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए. विवाह के समय लड़की की उम्र कम से कम 18 वर्ष और लड़के की उम्र कम से कम 21 वर्ष होनी चाहिए. योजना का लाभ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के पात्र गरीब परिवारों को मिल सकता है. विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के पुनर्विवाह को भी इसमें शामिल किया गया है.
आवेदन कैसे करें
विवाह सरकार की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में होना अनिवार्य है. ग्रामीण क्षेत्र के आवेदक ब्लॉक कार्यालय और शहरी क्षेत्र के आवेदक नगर पालिका या नगर निगम कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन के साथ वर-वधू के आधार कार्ड, उम्र का प्रमाण, आय या निवास प्रमाण पत्र, दुल्हन के बैंक खाते की पासबुक, फोटो और लागू होने पर जाति प्रमाण पत्र देना होगा.
