उत्तर प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों, पशुपालकों और आम परिवारों के लिए मुआवजा राशि बढ़ाने का फैसला किया है. आपदा में किसी व्यक्ति की मौत होने पर उसके परिवार को अब 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी. यह राशि पहले 4 लाख रुपये थी. सरकार के अनुसार, नए प्रावधानों से राज्य के 10 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
फसल नुकसान पर नई दरें
सिंचित क्षेत्र में फसल बर्बाद होने पर सहायता 17 हजार रुपये से बढ़ाकर 22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है. वर्षा आधारित या असिंचित क्षेत्र में फसल नुकसान के लिए अब 11 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मिलेंगे, जबकि पहले यह राशि 8,500 रुपये थी. बारहमासी फसलों और कृषि वानिकी में नुकसान पर सहायता 22,500 रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है.
रेशम उत्पादन में नुकसान के लिए भी राहत बढ़ी है. एरी, शहतूत और टसर रेशम के लिए सहायता 6 हजार से बढ़ाकर 7,800 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा मूगा रेशम के लिए 7,500 से बढ़ाकर 9,800 रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है. कृषि भूमि से गाद हटाने की सहायता 18 हजार से बढ़कर 23 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर होगी. भूस्खलन और हिमस्खलन से जमीन के नुकसान पर अब 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक सहायता मिलेगी.
पशुधन और मकान नुकसान पर बढ़ा मुआवजा
बड़े पशुओं की मौत पर सहायता 40 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है. बकरी, भेड़ और सूअर जैसे छोटे पशुओं के लिए यह राशि 4 हजार से बढ़कर 5,500 रुपये होगी. घोड़े और खच्चर की मौत पर 25,400 रुपये तथा मुर्गी की मौत पर 130 रुपये प्रति मुर्गी की सहायता मिलेगी.
मैदानी क्षेत्रों में पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान के लिए 1.85 लाख रुपये और पहाड़ी क्षेत्रों में 2.06 लाख रुपये मिलेंगे. मैदानी क्षेत्रों में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए 93 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है.
आपदा प्रभावित परिवारों को राहत शिविरों में 30 दिनों तक सहायता दी जाएगी. सूखे की स्थिति में 90 दिनों तक पेयजल सहायता का प्रावधान किया गया है. प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत के लिए 15.50 लाख और माध्यमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेज तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए 26 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी.
नए मानक 1 अप्रैल 2026 से 4 नवंबर 2026 के बीच हुए नुकसान पर लागू होंगे. सहायता राज्य आपदा मोचन निधि और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि के प्रावधानों के तहत दी जाएगी.
