उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को पक्के घर मिल चुके हैं. योजना का उद्देश्य बेघर तथा कच्चे या जर्जर मकानों में रह रहे पात्र ग्रामीण परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से युक्त स्थायी आवास उपलब्ध कराना है.
राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक 4,882 आवास बने हैं. इसके बाद हरिद्वार में 4,493 और रुद्रप्रयाग में 4,032 आवास दर्ज किए गए. चमोली में 3,900, पिथौरागढ़ में 3,386, पौड़ी में 3,195, उत्तरकाशी में 3,057 और देहरादून में 2,839 परिवारों को लाभ मिला है.
योजना के तहत मिलने वाली सहायता
PMAY-G के तहत प्रति आवास 1.30 लाख रुपये की सहायता सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है. वर्ष 2022-23 से रसोई सामग्री और बर्तन खरीदने के लिए अतिरिक्त सहायता 5,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपये की गई है.
लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपये, आवास निर्माण के लिए 95 दिन की मजदूरी तथा पेयजल, उज्ज्वला गैस और बिजली कनेक्शन जैसी सुविधाओं से जोड़ने का प्रावधान भी है.
