केंद्र सरकार ने VB-G RAM G यानी विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के लिए शिकायत निवारण नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं. इन नियमों के तहत योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी शिकायतों का समाधान प्राप्ति की तारीख से 15 दिनों के भीतर करना होगा.

ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक व्यवस्था

राज्य सरकारों को ग्राम पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर समयबद्ध शिकायत निवारण व्यवस्था बनानी होगी. प्रत्येक स्तर पर नामित शिकायत निवारण अधिकारी शिकायतें प्राप्त करेंगे, उनका पंजीकरण करेंगे, जांच कराएंगे और निपटारा करेंगे. जिला स्तर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे.

शिकायत की जांच सात कार्यदिवस के भीतर पूरी करनी होगी. इसके बाद अधिकारी निष्कर्ष दर्ज कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करेंगे. 15 दिनों में शिकायत का समाधान नहीं होने पर उसे डिजिटल माध्यम से अगले उच्च स्तर पर भेजा जाएगा और निपटारे तक उसकी इलेक्ट्रॉनिक निगरानी जारी रहेगी.

ऐसे दर्ज करा सकेंगे शिकायत

शिकायत संबंधित अधिकारी के सामने व्यक्तिगत रूप से, स्पीड पोस्ट, केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित डिजिटल प्लेटफॉर्म, टेलीफोन हेल्पलाइन या राज्य सरकार द्वारा तय अन्य माध्यमों से दर्ज कराई जा सकेगी. ऑफलाइन मिली शिकायत को उसी दिन, या संभव न होने पर अगले कार्यदिवस तक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज करना होगा.

शिकायतकर्ता को पंजीकरण संख्या, प्राप्ति की तारीख और संबंधित अधिकारी के पद की जानकारी वाली पावती दी जाएगी. भाषा, प्रारूप, जमा करने के तरीके या किसी प्रक्रियागत कमी के आधार पर शिकायत दर्ज करने से इनकार नहीं किया जा सकेगा.