पश्चिम बंगाल सरकार जनवरी से बेरोजगार युवाओं के लिए ‘भरोसा कर्मसूची’ योजना शुरू करने की तैयारी में है. योजना के तहत सरकारी वोकेशनल संस्थानों और ITI से पढ़े बेरोजगार ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को हर महीने ₹2,000 दिए जाएंगे. नॉन-ग्रेजुएट युवाओं के लिए यह राशि ₹1,500 प्रति माह होगी.

योजना के लिए 21 से 45 वर्ष की आयु के उम्मीदवार पात्र होंगे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2028-29 के वित्त वर्ष से भत्ते की राशि बढ़ाई जाएगी. इसके बाद ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को ₹3,000, जबकि नॉन-ग्रेजुएट लाभार्थियों को ₹2,000 प्रति माह मिलेंगे.

54 लाख लाभार्थियों का सत्यापन

कैबिनेट बैठक के बाद सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की ‘युवासाथी’ योजना के 54 लाख मौजूदा लाभार्थियों का सत्यापन 31 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा. नई योजना उसी योजना की जगह लागू की जाएगी.

जिन युवाओं ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे ‘आपनार सरकार आपनार पासे’ कार्यक्रम के माध्यम से आवेदन जमा कर सकेंगे. इन आवेदनों को युवा कल्याण विभाग भेजा जाएगा.

भत्ते की राशि हर महीने दूसरे सप्ताह में लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी. योजना की औपचारिक शुरुआत फरवरी में प्रस्तावित एक कार्यक्रम में होगी. एक परिवार से अधिकतम दो लोग लाभ ले सकेंगे. अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महीने ₹3,000 पाने वाले लोग इस भत्ते के पात्र नहीं होंगे.