पश्चिम बंगाल सरकार जनवरी 2027 से बेरोजगार युवाओं के लिए ‘भरोसा’ योजना शुरू करेगी. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के अनुसार, स्नातक और सरकारी मान्यता प्राप्त व्यावसायिक पाठ्यक्रम या ITI डिप्लोमा वाले पात्र युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये दिए जाएंगे. गैर-स्नातक लाभार्थियों के लिए मासिक सहायता 1,500 रुपये होगी.
यह योजना 21 से 45 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बेरोजगार युवाओं के लिए होगी. सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी और भुगतान हर महीने के दूसरे सप्ताह में किए जाने की जानकारी दी गई है.
सरकार के अनुसार, एक परिवार से अधिकतम दो सदस्य इस योजना का लाभ ले सकेंगे. अन्नपूर्णा योजना या किसी अन्य सरकारी भत्ते का लाभ लेने वाले लोग ‘भरोसा’ योजना के लिए पात्र नहीं होंगे. आवेदन प्रक्रिया को डिजिटल और आधार से जुड़ा रखने की बात कही गई है.
सरकार ने बताया कि शुरुआती अवधि में संशोधित दरों पर भुगतान किया जाएगा. 2028-29 वित्त वर्ष से स्नातक और ITI या व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए राशि 3,000 रुपये तथा गैर-स्नातकों के लिए 2,000 रुपये किए जाने का प्रस्ताव है. पहले से चल रही युवा सहायता योजना के लाभार्थियों का सत्यापन भी किया जाएगा.
