पश्चिम बंगाल की ग्रामीण आवास योजना में कथित गड़बड़ियों को लेकर राज्य सरकार ने CID जांच का फैसला किया है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि जांच के लिए CID की विशेष जांच टीम गठित की जाएगी. यह जांच फर्जी लाभार्थियों और उनके नाम की सिफारिश करने वालों की भूमिका पर केंद्रित होगी.

सरकार के अनुसार, सत्यापन के दौरान 57 हजार संदिग्ध लाभार्थियों की पहचान की गई है. इनमें से करीब 12 हजार लोगों के खातों में आवास सहायता की पहली किस्त पहुंच चुकी थी, जबकि वे पात्रता मानदंडों पर खरे नहीं उतरते थे. अधिकारी ने बताया कि करीब 1,000 लोगों ने राशि लौटा दी है. बाकी लाभार्थियों से 30 नवंबर तक पैसा वापस करने को कहा गया है. भुगतान नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि किसी सरकारी अधिकारी ने अपात्र लोगों के नाम आगे बढ़ाने में मदद की है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी. सरकार ने पात्र परिवारों को योजना का लाभ जारी रखने की बात कही है. शुक्रवार को बड़ी संख्या में वास्तविक लाभार्थियों को आवास सहायता की अगली किस्त भी जारी की गई.