झारखंड का पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की अक्टूबर 2026 की राष्ट्रीय रैंकिंग में देश में पहले स्थान पर रहा. नीति आयोग के PM-DDKY डैशबोर्ड के अनुसार जिले ने 96.16 का समग्र स्कोर हासिल किया. राजस्थान का नागौर 90.67 अंक के साथ दूसरे और बिहार का गया 89.91 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा.

पश्चिमी सिंहभूम के प्रदर्शन में एक महीने के भीतर बड़ा सुधार दर्ज हुआ है. सितंबर 2026 तक जिला 61.10 अंक के साथ 34वें स्थान पर था. अक्टूबर में शीर्ष स्थान हासिल करने के साथ जिले ने राष्ट्रीय औसत 62.52 से भी काफी बेहतर प्रदर्शन किया.

121 संकेतकों पर तय होती है रैंकिंग

PM-DDKY के तहत देश के 100 आकांक्षी कृषि जिलों का मूल्यांकन 121 निगरानी संकेतकों के आधार पर किया जाता है. योजना का उद्देश्य कृषि उत्पादकता बढ़ाना, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना, सिंचाई और भंडारण सुविधाओं में सुधार करना तथा किसानों की कृषि ऋण तक पहुंच मजबूत करना है.

आधिकारिक डैशबोर्ड में पश्चिमी सिंहभूम को फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों तथा फसल कटाई के बाद भंडारण क्षमता बढ़ाने से जुड़े उद्देश्यों में भी मजबूत प्रदर्शन करने वाले जिलों में दिखाया गया है. झारखंड से योजना के पहले चरण में पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा को शामिल किया गया है.