अहमदाबाद के नारोल-पीराना रोड पर शनिवार को 9 साल की बच्ची करीब 20 फीट गहरे खुले नाले में गिर गई. घटना के बाद दमकल और पुलिस की टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन रविवार तक बच्ची का पता नहीं चल सका था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बच्ची अपनी मां के साथ ऑटो-रिक्शा से उतरी थी. मां जब किराया चुका रही थी, उसी दौरान बच्ची कुछ दूरी पीछे चलते हुए खुले नाले में गिर गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी.

बचाव दल ने ड्रेनेज लाइन, आसपास के हिस्सों और पंपिंग स्टेशन की जांच की. अधिकारियों के अनुसार, पानी की गहराई और अंदर की स्थिति को देखते हुए तलाश अभियान में अतिरिक्त बचावकर्मियों की मदद ली जा रही है. टीमों ने नाले के संभावित बहाव मार्ग और जुड़े मैनहोल की भी जांच शुरू की है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के कई घंटे बाद तक अभियान जारी था और बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला था. अधिकारियों ने कहा है कि बच्ची के मिलने तक तलाशी जारी रहेगी.