अहमदाबाद में नवरात्रि के दौरान AC डोम, पंडाल या किसी भी अस्थायी ढांचे में गरबा आयोजित करने वाले आयोजकों के लिए फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य होगा. इसके लिए राज्य सरकार के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा. फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नियमों का पालन नहीं मिलने पर फायर NOC या टेम्पररी स्ट्रक्चर सर्टिफिकेट जारी नहीं किया जाएगा.
अहमदाबाद फायर ब्रिगेड के इंचार्ज चीफ फायर ऑफिसर मिथुन मिस्त्री के अनुसार, आवेदन के बाद एडिशनल चीफ फायर ऑफिसर और डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर स्तर के अधिकारी आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के दौरान जरूरी दस्तावेजों की हार्ड कॉपी भी जांची जाएगी. आयोजकों को ₹300 के स्टांप पेपर पर फोटो सहित नोटरीकृत शपथपत्र जमा करना होगा, जिसमें फायर विभाग की सभी सूचनाओं का पालन करने की बात होगी.
फायर विभाग के अलावा पुलिस, ट्रैफिक और नगर निगम के संबंधित विभागों से जरूरी अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना भी आयोजकों की जिम्मेदारी होगी. AC डोम में इमरजेंसी एग्जिट गेट, विद्युत वायरिंग और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की जाएगी. इन व्यवस्थाओं की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की जा सकती है.
AC डोम और पंडाल के लिए प्रमुख नियम
AC डोम में इस्तेमाल होने वाले डीजल जनरेटर को स्टेज और मंडप से 50 से 100 फीट दूर रखना होगा. वायरिंग PVC कवर वाले कंडक्टर या मानक टफ-रबर वायर से करानी होगी और सरकारी स्वीकृत इलेक्ट्रिकल इंजीनियर से इसकी जांच करानी होगी. कार्पेट और पर्दों पर फायर रिटार्डेंट स्प्रे या पेंट का इस्तेमाल भी जरूरी होगा.
आयोजकों को कम से कम दो इमरजेंसी एग्जिट रखने होंगे. ये एक-दूसरे के विपरीत दिशा में होने चाहिए और प्रत्येक की चौड़ाई कम से कम 2.5 मीटर रखनी होगी. गेट के सामने पांच मीटर का खुला स्थान होना चाहिए. बैठने की व्यवस्था से निकास तक की दूरी 15 मीटर से अधिक नहीं होनी चाहिए. हर 10 कतार या 10 सीट के बाद कम से कम 1.5 मीटर चौड़ा रास्ता रखने का निर्देश दिया गया है.
पंडाल की क्षमता के अनुसार ही प्रवेश देना होगा और प्रति व्यक्ति कम से कम एक वर्ग मीटर जगह का प्रावधान रखना होगा. इमरजेंसी रास्ते खुले रखने होंगे. ‘NO SMOKING ZONE’, ‘EXIT’, ‘EMERGENCY EXIT’ और ‘FIRE EXTINGUISHER’ के बोर्ड स्पष्ट रूप से लगाने होंगे. फायर एक्सटिंग्विशर चलाने के लिए प्रशिक्षित व्यक्ति को पूरे आयोजन के दौरान उपलब्ध रखना होगा.
आग से बचाव के अतिरिक्त इंतजाम
पंडाल को स्कूल, अस्पताल, ज्वलनशील सामान के गोदाम, ट्रांसफॉर्मर, हाईटेंशन लाइन और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूर बनाना होगा. फायर ब्रिगेड के वाहनों के लिए सड़क और रास्ते खुले रखने होंगे. पंडाल के अंदर स्टॉल, ज्वलनशील सामग्री, LPG सिलेंडर, पटाखे या धूम्रपान की सामग्री रखने पर रोक होगी.
हर 100 वर्ग मीटर क्षेत्र के लिए दो 6 किलोग्राम क्षमता वाले ABC अग्निशामक, दो 4 किलोग्राम क्षमता वाले CO2 अग्निशामक, 200 लीटर पानी का ढका हुआ ड्रम और रेत की दो बाल्टियां रखने का निर्देश दिया गया है. आयोजकों को सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, चौबीसों घंटे स्वयंसेवक और आग लगने की स्थिति में तत्काल निकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी. नियमों में कमी मिलने पर विभाग तत्काल कार्रवाई कर सकता है.
