अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कस्टम्स विभाग ने कुवैत से आए आंध्र प्रदेश के एक दंपती के पास से 308.710 ग्राम सोने के आभूषण जब्त किए हैं. विभाग के अनुसार, जब्त सोने की शुद्धता 999.0 यानी 24 कैरेट है और इसका बाजार मूल्य ₹46,98,566 आंका गया है.

अहमदाबाद कस्टम्स के एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने यात्री प्रोफाइलिंग से मिली सूचना के आधार पर Kuwait Airways की उड़ान KU-347 से पहुंचे पुरुष और महिला यात्री को रोका था. दोनों पति-पत्नी बताए गए हैं.

कस्टम्स के मुताबिक, महिला यात्री ने सोने के आभूषण चेक-इन सामान, हैंड पर्स और कपड़ों के नीचे छिपाए थे. पुरुष यात्री ने कपड़ों के नीचे सोने की चेन पहन रखी थी. जांच में सोने की चूड़ियां, चेन और पायल बरामद होने की जानकारी दी गई है.

विभाग ने कस्टम्स एक्ट, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत ₹46,98,566 मूल्य का कुल सोना कब्जे में लिया है. कस्टम्स अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि सोना कहां से लाया गया था, इसे किसे सौंपना या बेचना था और क्या दोनों किसी संगठित नेटवर्क से जुड़े हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है.