अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कस्टम्स विभाग ने दुबई से आए एक यात्री के पास से 24 कैरेट सोने के पांच बार बरामद किए हैं. विभाग के अनुसार, जब्त सोने का कुल वजन 582.700 ग्राम है और इसकी कीमत ₹88,97,829 आंकी गई है. यात्री भरूच का निवासी बताया गया है.

कस्टम्स के मुताबिक, एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने यात्री प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे जांच के लिए रोका. वह FlyDubai की उड़ान FZ-437 से अहमदाबाद पहुंचा था. तलाशी के दौरान उसके ट्राउजर की जेबों से विदेशी निर्मित पांच टीटी गोल्ड बार मिले. इनकी शुद्धता 999.0 यानी 24 कैरेट दर्ज की गई है.

विभाग का कहना है कि यात्री के पास सोने से संबंधित कोई बिल या वैध दस्तावेज नहीं था और उसने कस्टम्स घोषणा में भी इसकी जानकारी नहीं दी थी. कस्टम्स ने सोना जब्त कर यात्री को Customs Act, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है.

अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि यात्री केवल खेप पहुंचाने वाला कैरियर था या किसी तस्करी नेटवर्क से जुड़ा था. अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि सोना दुबई में किसने दिया था और अहमदाबाद पहुंचने के बाद इसे किसे सौंपा जाना था.