अहमदाबाद म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट सर्विस (AMTS) ने बस दुर्घटनाओं और ड्राइवरों की निगरानी के लिए AI आधारित डैश कैमरा मॉनिटरिंग सिस्टम का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है. शुरुआती चरण में तीन बसों में यह व्यवस्था लगाई गई है.
सिस्टम में बस के आगे और ड्राइवर की ओर कैमरे लगाए गए हैं. AMTS कमेटी के चेयरमैन पराग नाइक के अनुसार, ड्राइवर के बस चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने, धूम्रपान करने या झपकी लेने पर कंट्रोल रूम को तत्काल अलर्ट मिलेगा. तय सीमा से अधिक गति पर बस चलने की स्थिति में भी सिस्टम चेतावनी देगा.
कंट्रोल रूम से तत्काल सूचना
लापरवाही का पता चलने पर कंट्रोल रूम से ड्राइवर को वायरलेस या फोन के जरिए तुरंत सूचना दी जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना होने पर कैमरों से यह समझने में भी मदद मिल सकती है कि गलती बस चालक की थी या किसी अन्य वाहन चालक की.
डैश कैमरा सिस्टम से बस की लोकेशन और उसके समय पर चलने की जानकारी भी मिल सकेगी. AMTS के अनुसार, कई बार बसों को रास्ते में रोक दिए जाने या ट्रैफिक के कारण देरी होने से यात्रियों को परेशानी होती है. नई प्रणाली से देरी के कारण की जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
सफलता पर 900 से अधिक बसों में विस्तार
AMTS के मुताबिक, पायलट प्रोजेक्ट सफल रहने पर 900 से अधिक बसों में कैमरा आधारित निगरानी प्रणाली लगाने की योजना है. इसके जरिए बस संचालन, ट्रैफिक और ड्राइवर के व्यवहार से जुड़ी जानकारी पर नजर रखने का लक्ष्य है.
