दिल्ली पुलिस की दक्षिण जिले की साइबर पुलिस ने APK-आधारित साइबर ठगी के कथित नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अहमदाबाद से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरोह ठगी की रकम को कई क्रेडिट कार्डों के जरिए आगे भेजता था.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इस्माइल अंसारी, शेख मोहम्मद नुरेन और तारिक अहमद के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके कब्जे से 11 क्रेडिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही है.
मामला एक शिकायत के बाद सामने आया. शिकायतकर्ता विकास कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें एक SMS के जरिए भेजे गए फर्जी लिंक के बाद ₹6,57,715 की ठगी हुई. इसके बाद 21 मई 2026 को साइबर दक्षिण थाने में e-FIR दर्ज की गई और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत जांच शुरू की गई.
पुलिस के अनुसार, APK फाइलें अक्सर बैंकिंग, KYC या अन्य सेवाओं से जुड़ी वैध एप्लिकेशन जैसी दिखाकर भेजी जाती हैं. अज्ञात स्रोतों से ऐसी फाइलें इंस्टॉल करने से मोबाइल और बैंकिंग जानकारी के दुरुपयोग का जोखिम रहता है. मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की जांच जारी है.
