दिल्ली पुलिस की दक्षिण जिला साइबर पुलिस ने APK-आधारित साइबर ठगी से जुड़े कथित गिरोह के तीन सदस्यों को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 11 क्रेडिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

मामला उस शिकायत के बाद सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति ने SMS के जरिए मिले फर्जी लिंक के बाद ₹6.57 लाख गंवाने की बात कही थी. इसके बाद साइबर पुलिस स्टेशन, दक्षिण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत e-FIR दर्ज की गई.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इस्माइल अंसारी, शेख मोहम्मद नुरेन और तारिक अहमद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, जांच में बैंकिंग रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य और धन के लेन-देन का विश्लेषण किया गया. करीब ₹4 लाख की कथित ठगी की रकम दो लेन-देन के जरिए आरोपियों से जुड़े दो क्रेडिट कार्ड तक पहुंचने का पता चला.

पुलिस का आरोप है कि आरोपी कमीशन के बदले कई क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराकर ठगी की रकम को बैंकिंग चैनलों से आगे भेजते थे. जांच में WhatsApp और Telegram समूहों के जरिए अन्य कथित हैंडलरों से संपर्क तथा कुछ WhatsApp नंबरों का USA से जुड़ाव भी सामने आया है. पुलिस ने कहा कि नेटवर्क और विदेश स्थित कथित हैंडलरों की भूमिका की जांच जारी है.