अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण (AUDA) सरदार पटेल रिंग रोड पर भाट सर्कल के पास अपना नया प्रशासनिक भवन बनाएगा. AUDA CEO मीरांत परिख के अनुसार, इस परियोजना पर करीब ₹160 करोड़ खर्च होंगे और भवन को 2029 तक तैयार करने का लक्ष्य है.
करीब 11,760 वर्ग मीटर यानी 1,26,583 वर्ग फुट क्षेत्र में बनने वाले इस परिसर में दो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और 11 मंजिलें होंगी. इसकी अनुमानित ऊंचाई 45 मीटर रहेगी. भवन को IGBC Platinum Rating के मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है. इसमें जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल, आंतरिक पर्यावरण गुणवत्ता और डीकार्बनाइजेशन जैसे पहलुओं को शामिल किया जाएगा.
ग्राउंड फ्लोर पर जनसेवा और EWS से जुड़ी सेवाओं के लिए व्यवस्था होगी. इसके अलावा रिसेप्शन और सुरक्षा कक्ष भी बनाए जाएंगे. भवन में AUDA के विभिन्न विभागों के कार्यालयों के साथ बैठक कक्ष, रिकॉर्ड व स्टोरेज क्षेत्र, बोर्ड रूम, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, कॉन्फ्रेंस सुविधाएं और लाइब्रेरी प्रस्तावित हैं.
दोनों बेसमेंट में करीब 250 कारों और 300 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा होगी. AUDA के मुताबिक, भाट सर्कल के पास यह स्थान अहमदाबाद, गांधीनगर तथा आसपास के शहरों और गांवों से आने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक रहेगा.
