अहमदाबाद के एलिसब्रिज इलाके में एक बाइक पर चार युवकों के खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. वीडियो में एक युवक बाइक चला रहा है, जबकि पीछे बैठे युवकों में से एक दूसरे युवक को अपने कंधे पर बैठाए दिख रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 20 सितंबर की रात करीब 3 बजे एलिसब्रिज पंच रोड से वी.एस. अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क पर हुई. पुलिस के मुताबिक, चारों में से किसी ने हेलमेट या अन्य सुरक्षा उपकरण नहीं पहना था. बाइक की पहचान Hero Splendor Plus के रूप में की गई है.

पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान अशोक ठाकोर, अल्केश कनोजिया और मितेश झाला के रूप में की. तीनों अहमदाबाद के घी-कांटा इलाके के निवासी बताए गए हैं. एलिसब्रिज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. जांच में बाइक के स्वामित्व और आरोपियों की व्यक्तिगत भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.