गुजरात में सोमनाथ मंदिर, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा के केंद्रीय कार्यालय, पुलिसकर्मियों और RAW को निशाना बनाने की धमकी वाला ईमेल सामने आया है. ईमेल पहले पंजाब पुलिस को मिला था. इसके बाद पंजाब के DGP ने गुजरात पुलिस को इसकी जानकारी दी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संदेश में अलग-अलग स्थानों पर पहले से बम लगाए जाने का दावा किया गया था. ईमेल में आपत्तिजनक और भड़काऊ नारे भी लिखे होने की बात कही गई है. पुलिस ने इस धमकी के बाद राज्य की सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया और जांच शुरू की.
अहमदाबाद के खानपुर स्थित शहर भाजपा कार्यालय में पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने तलाशी ली. श####ाहपुर पुलिस थाने के PI पी.बी. खांभला के मुताबिक, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
धमकी की सूचना मिलने के बाद अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट और शहर भाजपा के महामंत्री उमंग नायक भी कार्यालय पहुंचे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी विस्फोटक या वास्तविक खतरे की पुष्टि नहीं हुई है. ईमेल भेजने वाले की पहचान और संदेश की विश्वसनीयता की जांच की जा रही है.
इससे पहले 10 सितंबर को गुजरात विधानसभा, गांधीनगर कोर्ट और अहमदाबाद के एक स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की जानकारी सामने आई थी.
