अहमदाबाद में रास गरबा कार्यक्रम में जा रही BJP की एक महिला पार्षद और उनके परिवार के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, घटना फतेवाड़ी नहर के पास कार को साइड देने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हुई. मामले में वेजलपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
शिकायत के अनुसार, महिला पार्षद अपने परिवार के साथ कार से गरबा कार्यक्रम में जा रही थीं. आरोप है कि कार को साइड देने को लेकर उनके बेटे की कुछ लोगों से बहस हुई. इसके बाद शोएब शाह फकीर ने कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की. परिवार वहां से आगे बढ़ गया, लेकिन आरोप है कि सरखेज के पास उनकी कार को दोबारा रोक लिया गया.
पुलिस के मुताबिक, दूसरी बार कार रोके जाने पर आरोपियों ने महिला पार्षद और उनके परिवार को कथित तौर पर धमकाया. महिला पार्षद ने स्थिति समझाने के लिए कार का शीशा नीचे किया. आरोप है कि इसी दौरान उनका हाथ पकड़कर उन्हें कार से बाहर खींचने की कोशिश की गई. उन्होंने शीशा बंद कर लिया, जिसके बाद कार का शीशा और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया गया. घटना में कार का साइड मिरर टूटने की भी बात सामने आई है.
घटना से घबराए परिवार ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
एसीपी एबी वालंद के अनुसार, शिकायत के आधार पर शोएब शाह फकीर को नामजद करते हुए कुल तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है.
