अहमदाबाद सिविल अस्पताल में 35 वर्षीय ब्रेन-डेड युवक के अंगदान से तीन मरीजों को जीवन बचाने का मौका मिला. युवक गांधीनगर जिले के देहगाम का रहने वाला था और 31 अक्टूबर को देहगाम के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था.
हादसे के बाद उसे पहले गांधीनगर में उपचार दिया गया और फिर अहमदाबाद सिविल अस्पताल लाया गया. डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती गई. 3 नवंबर को चिकित्सकों ने उसे ब्रेन-डेड घोषित किया.
अस्पताल की काउंसलिंग टीम और डॉक्टरों ने परिवार को ब्रेन डेथ और अंगदान की प्रक्रिया समझाई. इसके बाद युवक की पत्नी ने लिखित सहमति देकर अंगदान का फैसला लिया.
अस्पताल के अनुसार, युवक का एक लिवर और दोनों किडनी सफलतापूर्वक निकाली गईं. इन्हें सिविल मेडिसिटी परिसर स्थित किडनी अस्पताल भेजा गया, जहां प्रतीक्षारत मरीजों में प्रत्यारोपण किया जाना था.
इस मामले के साथ अहमदाबाद सिविल अस्पताल में अंगदान की संख्या 260 हो गई है. संस्थान के माध्यम से अब तक कुल 1,126 अंग और ऊतक दान किए जा चुके हैं. अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी ने परिवार के फैसले को साहस और मानवता का उदाहरण बताया.
