अहमदाबाद के बापूनगर इलाके में कंपनी परिसर में खड़ी Toyota Innova को कथित तौर पर आग लगाने के मामले में पुलिस ने बाली झाला को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
यह घटना 21 और 22 नवंबर की दरम्यानी रात हुई. पुलिस के मुताबिक, झाला रात करीब 11 बजे Indian Chemical Industries के पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सुरक्षा गार्ड ने उसे रोक दिया. दोनों के बीच कहासुनी के बाद वह वहां से चला गया.
पुलिस का आरोप है कि वह कुछ समय बाद प्लास्टिक की बोतल में ज्वलनशील पदार्थ लेकर लौटा और परिसर में खड़ी Innova पर डालकर आग लगा दी. आग में वाहन पूरी तरह जल गया. यह कार कंपनी के मालिक की बताई गई है.
गार्ड ने घटना की जानकारी कंपनी के अधिकारी को दी, जिसके बाद दमकल विभाग और पुलिस को बुलाया गया. बापूनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर स्थानीय लोगों के सामने माफी भी मंगवाई. मामले की जांच जारी है.
