अहमदाबाद के चांदखेड़ा क्षेत्र में 30 वर्षीय विवाहिता की फ्लैट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर उसके पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. आरोपों की जांच की जा रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका की पहचान जया के रूप में हुई है. वह नए वाडज निवासी डाह्याभाई रावत की बेटी थी और उसका विवाह चांदखेड़ा निवासी सुनील जादव से हुआ था. परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद सुनील ने कर्ज चुकाने के नाम पर जया से मायके से दो लाख रुपये लाने को कहा था. परिवार का कहना है कि रकम देने के बाद भी उसे कथित तौर पर परेशान किया जाता रहा.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुनील शराब पीकर जया के साथ मारपीट करता था और शराब छोड़ने के लिए कहने पर उसे जान से मारने की धमकी देता था. पति और ससुराल पक्ष पर जया के वेतन को लेकर दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, 8 अक्टूबर की रात जया ने अपनी बहन को फोन कर पति और ससुराल वालों की प्रताड़ना की बात बताई थी. बहन ने उसे मायके आने को कहा, लेकिन कुछ देर बाद उसका फोन संपर्क में नहीं आया. लगभग 15 मिनट बाद परिवार को उसके चौथी मंजिल से गिरने की सूचना मिली. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
