अहमदाबाद के बोदकदेव क्षेत्र में सिंधु भवन रोड पर ‘अहमदाबाद सिटी स्क्वायर’ विकसित करने की योजना है. अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (AMC) की इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹570 करोड़ है और इसके लिए 25 अक्टूबर 2026 को टेंडर जारी किया गया.
परियोजना का मुख्य आकर्षण करीब 175 मीटर ऊंचा टावर होगा. इसके शीर्ष पर स्काई डेक, स्काईवॉक और व्यूइंग गैलरी बनाने का प्रस्ताव है, जहां से शहर का दृश्य देखा जा सकेगा. टावर में रेस्टोरेंट और टैरेस डेक कैफे की भी योजना है.
सिटी स्क्वायर परिसर में आर्ट गैलरी, करीब 50 वाणिज्यिक दुकानें, फूड कोर्ट, फूड कियोस्क, उद्यान, फाउंटेन और लगभग 310 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर प्रस्तावित है.
परियोजना के लिए 13,144.40 वर्ग मीटर का प्लॉट निर्धारित किया गया है, जबकि सड़क क्षेत्र हटाने के बाद लगभग 12,091 वर्ग मीटर में निर्माण होगा. करीब 15 मीटर गहरे तीन बेसमेंट में कार और दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी. सामने के AMC प्लॉट पर अतिरिक्त कार पार्किंग भी प्रस्तावित है.
टेंडर प्रक्रिया के दौरान इच्छुक ठेकेदारों के लिए ओरिएंटेशन और दो प्री-बिड बैठकें होंगी. ठेका मिलने के बाद परियोजना को 42 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
