अहमदाबाद में 21 नवंबर को होने वाले पंजाबी गायक Diljit Dosanjh के कॉन्सर्ट से पहले चंडीगढ़ के प्रोफेसर और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पंडितराव धरेनावर ने शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में ऐसे गीतों और मंचीय प्रस्तुतियों पर आपत्ति जताई गई है, जिनके बारे में उनका आरोप है कि वे शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देते हैं.
शिकायत के बाद अहमदाबाद पुलिस ने गुरुवार शाम धरेनावर का बयान दर्ज किया. हालांकि, अब तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है. उनकी लिखित शिकायत जिला बाल संरक्षण अधिकारी के कार्यालय से होते हुए पुलिस आयुक्त कार्यालय और फिर मोटेरा स्टेडियम पुलिस थाने तक पहुंची.
शिकायतकर्ता ने कॉन्सर्ट में शराब और ड्रग्स से जुड़े गीतों पर रोक लगाने, बुलेट या कारतूस बेल्ट जैसे प्रॉप्स का इस्तेमाल न करने और बच्चों को मंच पर न बुलाने की मांग की है. उनका कहना है कि तेज आवाज और लेजर लाइट्स से बच्चों की सुनने और देखने की क्षमता पर असर पड़ सकता है.
धरेनावर ने पगड़ी पहनकर नशीले पदार्थों को महिमामंडित करने वाले गीत गाने को सिख समुदाय और आम लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया है. उन्होंने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के एक पुराने निर्देश का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे नियम पूरे देश में लागू होने चाहिए. पुलिस ने फिलहाल शिकायत पर बयान दर्ज किया है; कॉन्सर्ट के बाद नियमों के उल्लंघन का आरोप होने पर उन्होंने गुजरात हाई कोर्ट जाने की बात कही है.
