अहमदाबाद शहर में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर निगरानी मजबूत करने के लिए क्राइम ब्रांच का विकेंद्रीकरण किया गया है. पुलिस कमिश्नर अनुपमसिंह गहलोत के प्रशासनिक निर्णय के तहत शहर के पूर्व और पश्चिम हिस्सों में कुल चार विशेष यूनिट बनाई गई हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी क्षेत्र में वटवा गांव और ओढ़व-सिंगरवा चौकी की दो यूनिट तत्काल प्रभाव से काम शुरू कर चुकी हैं. पश्चिमी क्षेत्र में चांदखेड़ा और बोडकदेव में दो अन्य यूनिट जल्द शुरू की जाएंगी. प्रत्येक यूनिट की कमान क्राइम ब्रांच के एक पुलिस इंस्पेक्टर को सौंपी गई है. संबंधित कर्मचारी केंद्रीय क्राइम ब्रांच कार्यालय के बजाय अपने आवंटित क्षेत्र में रहकर फील्ड वर्क करेंगे.
किन इलाकों की जिम्मेदारी किस यूनिट को
वटवा गांव यूनिट के तहत वटवा, इसनपुर, नरोड़, नरोल, GIDC वटवा, रामोल और खोखरा थाना क्षेत्र शामिल किए गए हैं. सिंगरवा चौकी यूनिट ओढ़व, निकोल, नरोड़ा, कृष्णनगर, सरदारनगर, बापूनगर, रखियाल और अमराईवाड़ी क्षेत्र देखेगी.
चांदखेड़ा यूनिट के दायरे में चांदखेड़ा, मोटेरा, साबरमती, राणीप, नारणपुरा, वाडज और एयरपोर्ट क्षेत्र होंगे. बोडकदेव यूनिट बोडकदेव, वस्त्रापुर, सोला, घाटलोडिया, गुजरात यूनिवर्सिटी, सरखेज और वेजलपुर इलाकों में अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालेगी.
नई इकाइयों को स्थानीय पुलिस का विकल्प नहीं, बल्कि क्राइम-केंद्रित सहायता व्यवस्था बताया गया है. गंभीर अपराध की घटनाओं में ये इकाइयां त्वरित प्रतिक्रिया टीम के रूप में मौके पर पहुंचेंगी और सबूत जुटाने, CCTV की जांच, तकनीकी निगरानी तथा आरोपियों की पहचान में स्थानीय पुलिस की मदद करेंगी.
व्यवस्था के तहत चौबीसों घंटे गश्त और स्थानीय खुफिया नेटवर्क मजबूत करने का लक्ष्य है. इससे शराब तस्करी, जुआ, मादक पदार्थों की तस्करी, वाहन चोरी और चेन स्नैचिंग जैसे मामलों में कार्रवाई तेज करने की उम्मीद है.
