अहमदाबाद में डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क के बाद एक युवक से कथित तौर पर 25 हजार रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, युवक को बदनाम करने और पुलिस में शिकायत करने का डर दिखाकर उससे अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन भुगतान कराया गया. वटवा GIDC पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शिकायतकर्ता बापूनगर का रहने वाला 31 वर्षीय युवक है और एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के तौर पर काम करता है. उसके मुताबिक, 22 जून को ऑफिस में रहते समय डेटिंग ऐप पर ‘Expert’ नाम की यूजर आईडी से उसे संदेश मिला. इसके बाद दो-तीन दिनों तक ऐप के मैसेंजर पर बातचीत हुई. सामने वाले व्यक्ति ने उससे मिलने की इच्छा जताई.

युवक का आरोप है कि 25 जून की शाम उसे जशोदानगर के पास एक अपार्टमेंट में बुलाया गया. वहां दो अनजान लोग मिले और उन्होंने ऐप पर बातचीत करने वाले व्यक्ति को अपना ‘साला’ बताया. दोनों ने दावा किया कि परिवार को बातचीत की जानकारी मिलने के बाद घर में तोड़फोड़ हुई है. उन्होंने फोन, टीवी और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की बात कहते हुए नुकसान की कीमत 40 हजार रुपये बताई.

आरोप है कि दोनों ने युवक से नुकसान की आधी रकम देने को कहा और भुगतान नहीं करने पर पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी. बदनामी के डर से युवक ने उन्हें कुल 25 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उसके मोबाइल से डेटिंग ऐप भी डिलीट करवा दिया.

युवक को लगा कि पैसे देने के बाद मामला खत्म हो जाएगा, लेकिन बाद में उससे अतिरिक्त रकम मांगी जाने लगी. बार-बार पैसे मांगने पर उसने दोस्तों को घटना बताई और उनकी सलाह पर पुलिस से संपर्क किया.

पुलिस अब आरोपियों की पहचान और डेटिंग ऐप पर संपर्क करने वाले व्यक्ति तथा अपार्टमेंट में मिले दोनों लोगों के बीच संबंध की जांच कर रही है.