अहमदाबाद में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी के बीच नगर निगम ने मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए निर्माण स्थलों पर कार्रवाई तेज कर दी है. स्वास्थ्य विभाग की जांच में मच्छरों का प्रजनन मिलने के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में 9 निर्माण स्थलों को सात दिनों के लिए सील किया गया है.

नगर निगम के निर्देश पर अधिकारियों ने निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण किया. कार्रवाई गोता, लांभा, थलतेज, निकोल, वटवा, बोपल-कदकदेव, सरखेज और वस्त्राल समेत कई इलाकों में की गई. गोता क्षेत्र की दो साइटों सहित 9 स्थलों पर बड़ी मात्रा में मच्छरों का प्रजनन मिलने की बात सामने आई.

80 निर्माण स्थलों को नोटिस

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. भाविन सोलंकी के मुताबिक, जांच अभियान के दौरान करीब 80 निर्माण स्थलों पर मच्छरों के प्रजनन की जगहें मिलीं. इन साइटों को दंडात्मक नोटिस जारी किए गए हैं. अधिकारियों ने कहा कि शहरभर में निर्माण स्थलों की जांच जारी रहेगी.

नगर निगम ने नागरिकों से घरों और व्यावसायिक परिसरों में बारिश का पानी जमा न होने देने की अपील की है. पानी जमा करने वाले बर्तनों और कंटेनरों को सप्ताह में कम से कम एक बार खाली कर सुखाने तथा अनुपयोगी बर्तनों का निपटारा करने को कहा गया है.

मच्छरों की रोकथाम के लिए नागरिक फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव और लार्वा नष्ट करने के लिए अधिकृत एजेंसियों की मदद ले सकते हैं. सोसायटियों में जागरूकता कार्यक्रम या अतिरिक्त जानकारी के लिए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने को कहा गया है.