अहमदाबाद और मुंबई में ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर साइबर ठगी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अहमदाबाद की स्पेशल PMLA कोर्ट के समक्ष शिकायत दाखिल की है. एजेंसी के अनुसार, आरोपी खुद को CBI और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर बुजुर्गों को फर्जी मामलों में गिरफ्तार करने की धमकी देते थे.
जांच के मुताबिक, दो पीड़ितों से कुल ₹2.95 करोड़ की रकम वसूली गई. इनमें एक व्यक्ति से ₹1.15 करोड़ और दूसरे से ₹1.80 करोड़ ट्रांसफर कराए गए. यह पैसा कथित तौर पर ‘मेसर्स क्वालिटी फ्रूट ट्रेडर्स’ और ‘मेसर्स शिवम चैरिटेबल ट्रस्ट’ के नाम पर खोले गए म्यूल बैंक खातों में जमा कराया गया.
50 से अधिक खातों में रकम ट्रांसफर
ED के अनुसार, ठगी की रकम जमा होने के कुछ ही मिनटों के भीतर उसे 50 से अधिक म्यूल खातों में छोटे-छोटे हिस्सों में भेजा गया. इसके बाद भारत और दुबई के अलग-अलग स्थानों से नकद निकासी की गई. एजेंसी ने I4C पोर्टल पर जांच के दौरान इन बैंक खातों का संबंध देशभर में दर्ज करीब 396 लंबित साइबर अपराध शिकायतों से पाया.
जांच में रकम को आंगड़िया चैनलों और क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का भी आरोप सामने आया है. ED के मुताबिक, तीसरे व्यक्ति के नाम वाले क्रेडिट कार्ड से करीब ₹30 लाख की राशि विभिन्न थर्ड-पार्टी बीमा पॉलिसियों के प्रीमियम के रूप में चुकाई गई.
सूरत की संपत्तियां जब्त
ED ने सूरत में करीब ₹30 लाख मूल्य का एक फ्लैट और ₹8 लाख की तीन फिक्स्ड डिपॉजिट समेत कुल ₹38 लाख की संपत्ति जब्त की है. एजेंसी ने कहा है कि मामले में अन्य कथित सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच जारी है.
