अहमदाबाद में 21 नवंबर को होने वाले गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर जिला बाल संरक्षण इकाई ने पुलिस से कुछ पाबंदियां लगाने का अनुरोध किया है. इकाई ने शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों का कथित तौर पर महिमामंडन करने वाले गीतों के प्रदर्शन को रोकने के लिए उचित कदम उठाने को कहा है.

अहमदाबाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी तानविका परमार ने इस संबंध में पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलौत को 6 नवंबर को भेजे गए पत्र की पुष्टि की है. यह पत्र चंडीगढ़ के डॉ. पंडितराव धरन्नावर की ओर से जताई गई चिंताओं के आधार पर भेजा गया. कार्यक्रम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रस्तावित है और यह दिलजीत के ‘रुपे ऑरा इंडिया टूर’ का हिस्सा है.

पत्र में ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जीभ विचों फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारां दी’ जैसे गीतों का उल्लेख किया गया है. इकाई का कहना है कि इन गीतों में शराब, अफीम या अन्य नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देने वाले तत्व हैं. पत्र के अनुसार, बदले हुए बोलों के साथ भी ऐसे गीतों का प्रदर्शन बच्चों और युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है.

बाल संरक्षण इकाई ने बच्चों को मंच पर आमंत्रित न करने की भी मांग की है. इसके अलावा, उसने मंच पर तेज आवाज और तेजी से बदलती रोशनी को लेकर चिंता जताई. पत्र में ध्वनि का स्तर कथित तौर पर 120 डेसिबल से अधिक होने और फ्लैश व बीम लाइट्स से छोटे बच्चों को स्वास्थ्य जोखिम होने की बात कही गई है.

इकाई ने कॉन्सर्ट में कारतूस या बुलेट बेल्ट जैसे परिधानों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई और कहा कि इससे बच्चों के बीच बंदूक संस्कृति तथा हिंसा का महिमामंडन हो सकता है. पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के एक फैसले का भी हवाला दिया गया है. एक अधिकारी के अनुसार, पुलिस व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगी.