अहमदाबाद में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों से दो लोगों को गिरफ्तार किया है. दाणीलीमडा में एक व्यक्ति के पास से 89.63 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ, जबकि साउथ बोपल में एक युवक से 27.760 ग्राम हाइब्रिड गांजा मिलने का दावा किया गया है. दोनों मामलों में पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है.

दाणीलीमडा में एमडी ड्रग्स बरामद

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, SOG क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि दाणीलीमडा में अलिफ कॉम्प्लेक्स के पास अल मुबारक रो-हाउस में रहने वाला नासीर सैयद कथित तौर पर ड्रग्स रखकर बेचता है. इसके बाद पुलिस ने वहां छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास काले रंग की थैली में रखा 89.63 ग्राम एमडी ड्रग्स मिला. इसकी अनुमानित कीमत ₹2.68 लाख बताई गई है.

पुलिस पूछताछ में नासीर ने कथित तौर पर बताया कि वह राजस्थान के भीलवाड़ा में रहने वाले एक व्यक्ति से ड्रग्स लाता था. रिपोर्ट के मुताबिक, वह इसे छोटी जिपलॉक बैग में पैक कर नारोल सर्कल और आसपास के इलाकों में बेचता था. पुलिस अब उस कथित सप्लायर की तलाश कर रही है.

साउथ बोपल में हाइब्रिड गांजा जब्त

दूसरी कार्रवाई में Anti Narcotics Wing ने साउथ बोपल से कार्तिक पटेल को गिरफ्तार किया. उसके पास से 27.760 ग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹97 हजार आंकी गई है. पुलिस ने गांजे और अन्य सामान समेत कुल ₹1.29 लाख का मुद्देमाल जब्त किया है.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कार्तिक ने गांजा चांदखेड़ा निवासी कृणाल नाम के कथित पेडलर से मंगाने की बात कही. रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों सामान्य फोन कॉल के बजाय WhatsApp कॉल से संपर्क करते थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर कृणाल की तलाश शुरू कर दी है.