गुजरात ATS ने अहमदाबाद में हरिकेश प्रणव पटेल को कथित फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ATS को सूचना मिली थी कि हरिकेश ने दूसरे राज्य से पासपोर्ट बनवाया है. इसके बाद उसे साइंस सिटी इलाके से पकड़ा गया. वह गुजरात प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गीताबेन पटेल का बेटा है.

ATS की पूछताछ के मुताबिक, हरिकेश का पासपोर्ट 2023 के प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अदालत में जमा था. रिपोर्ट के अनुसार, उसने दुबई में रहने वाले एक परिचित के जरिए दिल्ली के एक एजेंट से संपर्क किया और इसके लिए 25 लाख रुपये दिए. इसके बाद आगरा में किराये पर रहने का कथित समझौता तैयार कराया गया.

जांच एजेंसी का दावा है कि हरिकेश ने दिल्ली क्राइम ब्रांच में पुराना पासपोर्ट खोने की शिकायत दर्ज कराई. इस शिकायत और कथित किराया समझौते के आधार पर उसने गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में आवेदन किया और 2024 में दूसरा पासपोर्ट हासिल किया.

कई देशों की यात्रा का दावा

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पासपोर्ट के आधार पर उसने भूटान और नेपाल की यात्रा की. इसके बाद बैंकॉक, दुबई और सिंगापुर समेत अन्य देशों में जाने की बात भी जांच में सामने आई है. ATS का यह भी दावा है कि वह लंबे समय तक दुबई में रहा. एजेंसी ने मामले की जानकारी ED को देने की बात कही है.

पुलिस के अनुसार, हरिकेश के खिलाफ नारणपुरा और क्राइम ब्रांच में पहले भी धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हैं और इनमें उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है. उसके नाम पर पंजीकृत कुछ कंपनियों और कथित म्यूल बैंक खातों की भी जांच की जा रही है.

जनवरी 2026 के एक कार्यक्रम की तस्वीरों में उसके साथ पुलिस निरीक्षक दिखाई दिए थे. रिपोर्ट के अनुसार, उन्हीं में शामिल ATS अधिकारियों बीएच कोराट और जेपी रोजिया ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की. मामले में आरोपों की आगे की जांच जारी है.