दीवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पश्चिम रेलवे 70 से ज्यादा स्पेशल ट्रेन ट्रिप चला रहा है. इन सेवाओं से गुजरात को बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों से जोड़ने वाले मार्गों पर अतिरिक्त क्षमता मिलेगी. कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं.
अहमदाबाद, साबरमती और असरवा स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए 110 अतिरिक्त RPF जवान तैनात किए गए हैं. इनमें अहमदाबाद में 55, साबरमती में 40 और असरवा में 15 जवान शामिल हैं. अहमदाबाद स्टेशन पर Railway Protection Special Force की एक अतिरिक्त कंपनी भी लगाई गई है.
यात्रियों को ट्रेन आने तक निर्धारित होल्डिंग एरिया में कतारबद्ध रखा जाएगा और समय के अनुसार प्लेटफॉर्म पर भेजा जाएगा. महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग यात्रियों और बच्चों के साथ सफर कर रहे यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी.
अहमदाबाद स्टेशन पर 119 और साबरमती स्टेशन पर 121 CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है. अतिरिक्त कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है. रेलवे, RPF, GRP और ट्रैफिक पुलिस मिलकर चौबीसों घंटे यात्री आवाजाही पर नजर रखेंगे.
