अहमदाबाद में आदित्य गढ़वी के गरबा कार्यक्रम के दौरान मुस्लिमों और अन्य गैर-हिंदुओं को परिसर छोड़ने के लिए कहे जाने पर विवाद खड़ा हो गया. सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कार्यक्रम के एंकर आकाश त्रिवेदी को ऐसे लोगों से बाहर जाने की अपील करते सुना जा सकता है. मंच से विश्व हिंदू परिषद की मौजूदगी और एक हेल्पलाइन का भी उल्लेख किया गया.
यह घोषणा अहमदाबाद के शेला रोड स्थित सावन पार्टी प्लॉट में आयोजित ‘रंग मोरला’ कार्यक्रम के दौरान हुई. विवाद बढ़ने के बाद आदित्य गढ़वी ने सोशल मीडिया पर स्पष्टीकरण जारी किया. उन्होंने कहा कि मंच से दिया गया संदेश उनका नहीं था और उनकी टीम से भी इस संबंध में परामर्श नहीं किया गया था.
गढ़वी ने कहा कि गरबा में शामिल होने वालों से उनका धर्म या उपनाम नहीं पूछा जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धा और सम्मान के साथ आने वाले सभी लोगों का स्वागत है तथा उनका मंच संगीत और भक्ति के लिए है.
वीएचपी के गुजरात प्रवक्ता हितेंद्रसिंह राजपूत ने मीडिया से कहा कि गरबा आयोजनों में गैर-हिंदुओं की मौजूदगी की जांच करना बजरंग दल कार्यकर्ताओं की नियमित गतिविधि का हिस्सा है. इस बयान पर आयोजकों या पुलिस की ओर से कार्रवाई संबंधी कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है.
