अहमदाबाद के शे'ला इलाके में बुधवार को आयोजित ‘रंग मोरला’ गरबा कार्यक्रम के दौरान मुस्लिमों और अन्य गैर-हिंदुओं से मैदान छोड़ने की अपील किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एंकर और रेडियो जॉकी आकाश त्रिवेदी को ऐसी घोषणा करते सुना जा सकता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घोषणा में विश्व हिंदू परिषद (VHP) की मौजूदगी का हवाला दिया गया और संदिग्ध लोगों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन का जिक्र भी किया गया. अहमदाबाद ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश जाट ने कहा कि पुलिस ने बयान का संज्ञान लिया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
विवाद के बाद लोकगायक आदित्य गढ़वी ने सोशल मीडिया पर सफाई दी कि कार्यक्रम में हुआ कृत्य उनका नहीं था और न ही यह उनका संदेश था. उन्होंने कहा कि गरबा ने कभी किसी से उसका उपनाम नहीं पूछा तथा प्रेम और सम्मान के साथ आने वाले सभी लोगों का स्वागत है.
VHP के गुजरात प्रवक्ता हितेंद्रसिंह राजपूत ने दावा किया कि बजरंग दल के स्वयंसेवक राज्य के गरबा आयोजनों में नियमित रूप से जाते हैं और गैर-हिंदुओं के प्रवेश को रोकने के लिए आयोजकों से कहते हैं.
