अहमदाबाद में नवरात्रि के दौरान आयोजित एक गरबा कार्यक्रम में मंच से गैर-हिंदुओं और मुसलमानों से आयोजन स्थल छोड़ने को कहा गया. यह घोषणा ‘रंग मोरला ft. आदित्य गढ़वी’ कार्यक्रम के दौरान की गई, जिसका आयोजन शहर की शेला रोड स्थित सावन्ना पार्टी प्लॉट में हुआ था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्यक्रम के एंकर-आरजे आकाश त्रिवेदी ने मंच से कहा कि गैर-हिंदू और मुस्लिम दर्शक मैदान छोड़ दें. उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के आने और सनातन धर्म की रक्षा करने का उल्लेख करते हुए एक हेल्पलाइन नंबर भी साझा किया.
कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे गुजराती लोकगायक आदित्य गढ़वी ने बाद में सोशल मीडिया पर इस घोषणा से दूरी बनाई. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने मंच का इस्तेमाल ऐसे संदेश के लिए किया, जिससे वह सहमत नहीं हैं. गढ़वी ने यह भी कहा कि गरबा में मां दुर्गा के प्रति प्रेम और सम्मान रखने वाले सभी लोगों का स्वागत है.
गुजरात VHP प्रवक्ता हितेंद्रसिंह राजपूत ने घोषणा का बचाव करते हुए इसे गरबा आयोजनों में बजरंग दल कार्यकर्ताओं की नियमित गतिविधि बताया. उनके अनुसार, कार्यकर्ता गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक की अपील करते हैं और संदिग्ध लगने वाले लोगों को बाहर निकालते हैं.
