अहमदाबाद के शेला रोड स्थित एक गरबा कार्यक्रम में गैर-हिंदुओं और मुस्लिमों से स्थल छोड़ने की अपील किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. यह घोषणा ‘रंग मोरला’ कार्यक्रम के दौरान मंच से की गई, जहां गुजराती लोकगायक आदित्य गढ़वी प्रस्तुति दे रहे थे.
वायरल वीडियो में एंकर और रेडियो जॉकी आकाश त्रिवेदी को कथित तौर पर गैर-हिंदुओं और मुस्लिमों से मैदान छोड़ने के लिए कहते सुना जा सकता है. उन्होंने कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद की मौजूदगी का हवाला देते हुए लोगों से संदिग्ध नजर आने वाले व्यक्तियों की सूचना देने की अपील भी की.
विहिप के गुजरात प्रवक्ता हितेंद्रसिंह राजपूत ने मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कहा कि बजरंग दल के स्वयंसेवक गरबा आयोजनों में गैर-हिंदुओं की एंट्री रोकने को लेकर आयोजकों से बात करते हैं.
विवाद बढ़ने के बाद आदित्य गढ़वी ने सोशल मीडिया पर स्पष्टीकरण जारी किया. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जो हुआ, वह उनका किया हुआ नहीं था और न ही उनका संदेश था. गढ़वी ने कहा कि गरबा पीढ़ियों से अलग-अलग आस्थाओं के लोगों को साथ लाता रहा है और सम्मान व भक्ति के साथ आने वाले सभी लोगों का स्वागत है.
