अहमदाबाद शहर के आसपास होने वाले गरबा आयोजनों को लेकर ग्रामीण पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए आयोजकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की सीमा में 17 व्यावसायिक गरबा आयोजनों की योजना है. सभी आयोजकों का सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा और तय बिंदुओं के अनुपालन की जांच के साथ स्थल की फोटो और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी.

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश जाट के अनुसार, 11 से 19 अक्टूबर के बीच होने वाले गरबा कार्यक्रमों के लिए 890 आवेदन प्राप्त हुए हैं. बड़े व्यावसायिक गरबा स्थलों पर पुलिस हेल्प डेस्क, महिलाओं और बच्चों के लिए अलग हेल्प डेस्क, CCTV कंट्रोल रूम और मेडिकल टीम के लिए अलग डेस्क रखना होगा. पुलिस के लिए भी स्वतंत्र डेस्क की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी.

पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था पर जोर

आयोजकों को पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी और यातायात बाधित न हो, इसका ध्यान रखना होगा. अवैध पार्किंग कराकर पैसे वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. आयोजकों को स्थल की निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं.

महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग प्रवेश लाइन, महिला बाउंसर और महिला सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करनी होगी. SHE टीम गरबा स्थल, पार्किंग क्षेत्र और अंधेरे रास्तों पर निगरानी करेगी. पुलिस के अनुसार, टीम के सदस्य सादे कपड़ों में प्रतिभागियों के बीच भी मौजूद रहेंगे.

पुलिस गरबा स्थलों पर ड्रोन से निगरानी करेगी. प्रत्येक बड़े आयोजन में आयोजक की ओर से एक नोडल व्यक्ति और संबंधित थाने की ओर से एक समन्वय अधिकारी नियुक्त किया जाएगा. दोनों के बीच लगातार संपर्क रहेगा.

9 अक्टूबर को पुलिस और अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर व्यावसायिक गरबा स्थलों पर संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी. रात में पेट्रोलिंग और हाईवे व रिंग रोड पर नाकाबंदी भी की जाएगी. पुलिस ने नागरिकों से असुरक्षित महसूस होने या देर रात वाहन न मिलने पर 112 या 181 पर संपर्क करने की अपील की है. छेड़छाड़ या संदिग्ध व्यवहार की स्थिति में पुलिस हेल्प डेस्क या SHE टीम को सूचना देने को कहा गया है.