अहमदाबाद में सोमवार सुबह तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई. घने बादलों और अंधेरा छा जाने से शहर के कई हिस्सों में दृश्यता कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को सड़क पर आवाजाही में परेशानी हुई. जलभराव के कारण मिठाखली अंडरपास को बंद कर दिया गया.
मौसम विभाग ने दोपहर 1 बजे तक अगले तीन घंटों के लिए शहर में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बारिश के बीच हेल्मेट सर्कल, गुरुकुल रोड, गुजरात यूनिवर्सिटी, विजय चार रास्ता, अंधजन मंडल, सैटेलाइट, शिवरंजनी, वेजलपुर, जोधपुर, प्रह्लादनगर और इस्कॉन समेत पश्चिमी इलाकों में पानी भरने की सूचना है.
एसजी हाईवे पर अंधेरा और कम दृश्यता रहने से वाहन चालकों को परेशानी हुई और काम पर जा रहे कई लोग रास्ते में फंस गए. हेल्मेट सर्कल के पास सड़क पर पानी का बहाव तेज होने से कुछ वाहन बंद पड़ गए.
पूर्वी अहमदाबाद के वस्त्राल, हाथीजन, ओढव, निकोल, ईसनपुर, मणिनगर, नरोड़, नारोल और वटवा में भी सुबह से बारिश का दौर जारी रहा. नरोड़ा पाटिया, नरोड़ा गांव और कुबेरनगर आईटीआई क्षेत्र में भी तेज बारिश दर्ज की गई.
जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए साबरमती नदी का स्तर 129 फीट रखा गया है. वासणा बैराज के तीन गेट एक-एक फीट तक खोले गए हैं.
