अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके में रहने वाले 75 वर्षीय व्यक्ति के साथ होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, उनके खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल ₹9.77 लाख निकाल लिए गए. मामले में साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.

बताया गया है कि बुजुर्ग ने दिवाली की छुट्टियों में नागपुर जाने के लिए Airbnb एप्लिकेशन के माध्यम से कमरा बुक किया था. बुकिंग प्रक्रिया के दौरान पैन कार्ड अपलोड नहीं हो रहा था. इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन कस्टमर केयर से संपर्क किया.

कस्टमर केयर से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर उन्हें एक APK फाइल भेजी. बुजुर्ग ने फाइल डाउनलोड करने के बाद उसके जरिए पैन कार्ड अपलोड किया. इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन होने लगे और कुल ₹9.77 लाख निकल गए.

अगले दिन उनके मोबाइल पर एक और APK फाइल भेजी गई. उसे डाउनलोड करने पर बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ी एक फाइल दिखाई दी. बुजुर्ग ने फाइल डिलीट कर दी, लेकिन इसके बाद भी रकम कटने के संदेश आने लगे. बैंक जाकर जांच कराने पर खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.