अहमदाबाद जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने होटल हयात को ग्राहक से कॉफी के बिल पर वसूला गया सर्विस चार्ज और उस पर लिया गया GST लौटाने का आदेश दिया है. आयोग ने होटल को ₹34.50 सर्विस चार्ज और ₹6.22 GST की राशि 9% वार्षिक ब्याज के साथ वापस करने का निर्देश दिया. इसके अलावा ग्राहक को मानसिक परेशानी के लिए ₹2,000 और कानूनी खर्च के रूप में ₹2,000 देने को कहा गया है.
यह शिकायत रोहित पटेल ने दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, उन्होंने 11 सितंबर 2025 को होटल में दो कॉफी—एक कैपुचिनो और एक कोल्ड कॉफी—मंगाई थीं. दोनों की कीमत ₹345-₹345 थी. बिल में ₹34.50 सर्विस चार्ज और उस पर ₹6.22 GST जोड़ा गया, जिससे कुल बिल ₹854.92 हो गया.
ग्राहक ने आयोग के समक्ष दलील दी कि सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी की 4 जुलाई 2022 की गाइडलाइन के अनुसार होटल और रेस्तरां सर्विस चार्ज को स्वतः नहीं जोड़ सकते. उन्होंने राशि लौटाने के साथ होटल से ग्राहक कल्याण कोष में ₹1 लाख जमा कराने की मांग भी की थी.
आयोग की टिप्पणी
आयोग ने कहा कि बिल में सर्विस चार्ज को वैकल्पिक बताया गया था, लेकिन भुगतान की जाने वाली कुल राशि में इसे शामिल कर दिया गया. आयोग ने CCPA की गाइडलाइन और मार्च 2025 के दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि सर्विस चार्ज स्वतः या डिफॉल्ट रूप से नहीं जोड़ा जा सकता और इसका भुगतान ग्राहक की इच्छा पर निर्भर होना चाहिए.
नोटिस जारी होने के बावजूद होटल आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ और उसने अपना जवाब भी दाखिल नहीं किया. इसलिए मामले में एकतरफा कार्रवाई की गई. हालांकि, आयोग ने ग्राहक कल्याण कोष में ₹1 लाख जमा कराने की मांग खारिज कर दी. आयोग के अनुसार, इस प्रथा से प्रभावित ग्राहकों की संख्या या वसूली गई कुल राशि से जुड़े विश्वसनीय प्रमाण प्रस्तुत नहीं किए गए थे.
