अहमदाबाद में जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान 14,300 आवासीय इकाइयों की बिक्री हुई. Knight Frank India के आकलन के अनुसार, यह पिछले साल की समान अवधि में बिकीं 14,064 इकाइयों से करीब 2% अधिक है. यह जनवरी-सितंबर अवधि में शहर का 2018 के बाद सबसे बेहतर बिक्री प्रदर्शन रहा.
इस अवधि में डेवलपर्स ने 16,745 आवासीय इकाइयां लॉन्च कीं, जो एक साल पहले की तुलना में 1% अधिक है. तिमाही आधार पर बिक्री पहली तिमाही में 4,758, दूसरी में 4,823 और तीसरी तिमाही में 4,719 इकाइयां रही.
महंगे घरों की मांग में बढ़ोतरी
रिपोर्ट के मुताबिक, 50 लाख से 1 करोड़ रुपये कीमत वाला वर्ग सबसे बड़ा रहा. इस श्रेणी में 6,153 इकाइयां बिकीं, जो कुल बिक्री का 43% है. 1-2 करोड़ रुपये वाले घरों की बिक्री 11% बढ़कर 2,596 इकाइयां और 2-5 करोड़ रुपये वाले घरों की बिक्री 25% बढ़कर 1,112 इकाइयां हो गई. 5-10 करोड़ रुपये वाले घरों की बिक्री 48% बढ़कर 160 इकाइयों पर पहुंची.
तीसरी तिमाही में औसत आवासीय कीमत 3.7% बढ़कर 4,837 रुपये प्रति वर्ग फुट रही. वहीं, बिना बिकी इकाइयों का स्टॉक करीब 38,700 हो गया और बिक्री में लगने वाला अनुमानित समय 8.2 तिमाही रहा.
