अहमदाबाद के SG हाईवे पर इस्कॉन जंक्शन से साणंद चौकड़ी तक बने 4.03 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन सोमवार, 9 नवंबर को किया जाएगा. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में इसका लोकार्पण करेंगे.

छह लेन वाले इस कॉरिडोर के निर्माण पर 464 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुआ है. इसके शुरू होने से YMCA, प्रह्लादनगर और कर्णावती क्लब जंक्शन जैसे व्यस्त हिस्सों पर सीधे गुजरने वाले वाहनों को सिग्नल और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मार्ग से रोजाना करीब 1.5 से 2 लाख वाहन चालकों को लाभ मिल सकता है. कॉरिडोर अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच आवागमन के साथ-साथ सौराष्ट्र की ओर जाने वाले यातायात को भी सुगम बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है.

अन्य विकास परियोजनाएं भी कार्यक्रम में शामिल

अमित शाह के कार्यक्रम में अहमदाबाद से जुड़े करीब 27 विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास भी प्रस्तावित है. इनमें जोधपुर का Knowledge Hub, गोता का Urban Health Centre और अहमदाबाद महानगरपालिका की EWS आवास योजना से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं.