अहमदाबाद में ISKCON जंक्शन से सानंद फ्लाईओवर तक बना 6 लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर आम लोगों के लिए खोल दिया गया है. 4.03 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया. यह मार्ग सरखेज-गांधीनगर हाईवे (SG हाईवे) पर यातायात प्रवाह को सुगम बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है.

मंत्रालय के अनुसार, कॉरिडोर का निर्माण सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने करीब ₹464 करोड़ की अनुमानित लागत से कराया है. इसके शुरू होने से ISKCON, कर्णावती क्लब, प्रह्लादनगर और YMCA जैसे व्यस्त जंक्शनों पर रुकने वाले वाहनों को ऊपर से गुजरने का विकल्प मिलेगा. इससे सरखेज और गांधीनगर के बीच यात्रा समय, ईंधन खपत और वाहन संचालन लागत में कमी आने की उम्मीद है.

कॉरिडोर की प्रमुख विशेषताएं

एलिवेटेड हिस्से की चौड़ाई 26.8 मीटर है. इसमें 2,940 मीटर लंबा वायाडक्ट और 1,090 मीटर लंबी एप्रोच रोड शामिल है. वाहनों के शोर को कम करने के लिए कुल 5,880 मीटर लंबे विशेष नॉइस बैरियर लगाए गए हैं.

परियोजना में 297 स्ट्रीटलाइट, उन्नत ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, ओवरहेड और कैंटिलीवर गैन्ट्री, सड़क सुरक्षा संकेतक, रोड स्टड और एंटी-ग्लेयर उपाय भी शामिल हैं. कॉरिडोर के साथ 7 से 14 मीटर चौड़ी व्हाइटटॉपिंग सर्विस रोड विकसित की गई हैं.

परियोजना का उद्देश्य SG हाईवे के उन हिस्सों में निर्बाध यातायात उपलब्ध कराना है जहां प्रमुख चौराहों पर अक्सर वाहनों का दबाव रहता है.