अहमदाबाद के न्यू साइंस सिटी रोड पर जीगरदान गढ़वी की ‘सच्ची नवरात्रि’ में दूसरे नोरते गरबा कार्यक्रम नहीं हो सका. बड़ी संख्या में पासधारक शाम करीब 8 बजे एसी डोम पहुंचे थे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया. आयोजकों की ओर से कुछ देर में एंट्री शुरू होने की बात कही गई, जिसके बाद लोग लंबे समय तक गेट पर इंतजार करते रहे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रात 10 बजे के बाद भी गरबा शुरू नहीं हुआ और कार्यक्रम को लेकर स्पष्ट सूचना नहीं दी गई. इससे नाराज लोगों ने प्रवेश गेट तोड़कर एसी डोम में प्रवेश किया और रिफंड की मांग को लेकर नारे लगाए. बाद में मंच से गरबा नहीं होने और रिफंड दिए जाने की घोषणा की गई.

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ लोगों ने बैनर, पोस्टर और CCTV तोड़े. मंडप और लाइटों को भी नुकसान पहुंचाए जाने की बात कही गई है. घटनाक्रम के दौरान एसी डोम की लाइटें बंद कर दी गई थीं, जिससे मौजूद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया.

कार्यक्रम को पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के कारण गरबा रोका गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे दिन शाम करीब 7 बजे फायर विभाग की टीम की जांच के बाद आयोजन को NOC मिली थी, लेकिन स्ट्रक्चर स्टेबिलिटी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस की मंजूरी नहीं मिल सकी.

कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने आयोजकों पर समय रहते सूचना नहीं देने का आरोप लगाया. हेली पटेल ने कहा कि अगर गरबा नहीं होना था तो पासधारकों को पहले ही बता देना चाहिए था. एक अन्य प्रतिभागी प्रांजल ने कहा कि लोग फोटो खिंचवाने नहीं, बल्कि गरबा खेलने आए थे और देर से मिली जानकारी के कारण उनका समय और पैसा दोनों प्रभावित हुए.