दिवाली और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अहमदाबाद मंडल ने कालूपुर और साबरमती रेलवे स्टेशनों पर 24x7 निगरानी व्यवस्था शुरू की है. इसके लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कंट्रोल भवन में विशेष वॉर रूम बनाया गया है.

वॉर रूम से दोनों स्टेशनों पर लगे CCTV कैमरों के जरिए यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति पर वास्तविक समय में नजर रखी जाएगी. किसी स्थान पर अधिक भीड़, अव्यवस्था या यात्रियों को परेशानी की सूचना मिलने पर RPF और रेलवे कर्मचारियों को तत्काल सतर्क किया जाएगा.

अधिकारियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम रखने के लिए यात्रियों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में इंतजार कराया जा रहा है. इन क्षेत्रों में रोशनी, पंखे, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. ट्रेन के पहुंचने पर यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर भेजा जाएगा.

रेलवे ने अतिरिक्त RPF और GRP कर्मियों की तैनाती के साथ वॉकी-टॉकी के जरिए समन्वय की व्यवस्था भी की है. उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में मांग बढ़ने के कारण यह व्यवस्था लागू की गई है.