अहमदाबाद के कालूपुर रेलवे स्टेशन पर आंगड़िया फर्म के एक कर्मचारी के पास से करीब ₹15 लाख मूल्य के हीरों का पार्सल गायब होने का मामला सामने आया है. कर्मचारी गुजरात मेल से मुंबई जा रहा था. घटना 29 सितंबर की बताई गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्मचारी प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर ट्रेन में चढ़ रहा था. इसी दौरान उसके कपड़ों और विशेष रूप से तैयार की गई अंदरूनी बनियान की जेब काटकर पार्सल निकाल लिया गया. पार्सल में करीब 11,901 पॉलिश्ड हीरे थे, जिनका वजन लगभग 100.65 कैरेट बताया गया है.

यह खेप पालनपुर से मुंबई की एक डायमंड फर्म को पहुंचाई जानी थी. कर्मचारी अपने सहयोगी के साथ अलग-अलग गंतव्यों के लिए अन्य कंसाइनमेंट भी ले जा रहा था. चोरी का पता चलने के बाद दोनों ने मुंबई पहुंचकर बाकी डिलीवरी पूरी की और फिर अहमदाबाद लौटकर शिकायत दर्ज कराई.

अहमदाबाद रेलवे पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है और कर्मचारी तथा उसके साथ यात्रा कर रहे सहयोगियों से पूछताछ की जा रही है. आरोपी की पहचान और हीरों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं.