अहमदाबाद के कालूपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर गुजरात मेल में चढ़ते समय एक आंगड़िया फर्म के कर्मचारी से करीब 15 लाख रुपये कीमत के पॉलिश किए हुए हीरे चोरी हो गए. कर्मचारी की शिकायत पर अहमदाबाद रेलवे पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

शिकायत के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले और फिलहाल अहमदाबाद के रायपुर इलाके में रह रहे 53 वर्षीय मंछाराम प्रजापति पिछले 10 वर्षों से आंगड़िया फर्म में काम करते हैं. 29 सितंबर को वह फर्म के साझेदार मदनसिंह राठौड़ के साथ कीमती सामान मुंबई पहुंचाने के लिए निकले थे.

प्रजापति ने हीरों के पार्सल को विशेष रूप से तैयार की गई जैकेट के अंदर रखा था. प्लेटफॉर्म पर उन्होंने एक बैग ट्रेन में रखा और दूसरा बैग लेने के लिए दरवाजे की ओर गए. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी ने धारदार वस्तु से उनकी पैंट और अंदर पहनी विशेष जैकेट काट दी.

आरोप है कि चोर जैकेट की जेब से पालानपुर से मुंबई भेजा जा रहा पार्सल निकालकर फरार हो गया. इसमें 100.65 कैरेट के 11,901 पॉलिश किए हुए हीरे थे, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है.

कर्मचारियों ने पहले अन्य ग्राहकों का सामान सुरक्षित मुंबई पहुंचाया और उसके बाद लौटकर रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है.