अहमदाबाद में विश्व गुजराती समाज के ‘हरित घर–स्वस्थ समाज’ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर हुई. अभियान के तहत 76,000 किचन गार्डन पौधों के वितरण का संकल्प लिया गया है. इसी पहल के लिए संस्था को ‘गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ की ओर से वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया.
कार्यक्रम का उद्घाटन गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया. उन्होंने कहा कि घरों में सब्जियां उगाने से लोगों में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को लेकर जागरूकता बढ़ेगी. मुख्यमंत्री ने पर्यावरण से जुड़े अभियानों और प्राकृतिक खेती को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुजरात के विकास, GIFT City और MSME क्षेत्र पर भी बात की. उनके अनुसार, वर्ष 2001 में राज्य में 1.85 लाख छोटी औद्योगिक इकाइयां थीं, जबकि अब 27 लाख से अधिक MSME इकाइयां सक्रिय हैं. उन्होंने दावा किया कि इनसे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल रहा है.
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए रंगदत्त जोशी, विजय डोबरिया और सोहिल पटेल को सम्मानित किया गया. पर्यावरण संरक्षण पर काम कर रहे करीब 35 युवा स्टार्टअप्स के उत्पादों और सेवाओं के प्रदर्शन-विक्रय के लिए स्टॉल लगाए गए थे. मुख्यमंत्री ने इन स्टार्टअप्स के स्टॉल का दौरा कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया.
विश्व गुजराती समाज के अध्यक्ष भावेश लाखाणी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि महासचिव सुधीर रावल ने अभियान की जानकारी रखी. ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल, शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शनाबेन वाघेला और अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट समेत कई जनप्रतिनिधि, पर्यावरणप्रेमी युवा और नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे.
